फर्रुखाबाद। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के सातवें दिन प्रशासन ने बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर के बाहर सड़क किनारे लगीं प्रसाद व फूल की दुकानों को तोड़ दिया। मंदिर के गेट और वाटर कूलर को लोगों ने खुद ही हटा लिया।
बुलडोजर मंदिर की बाउंड्री तोड़ने के लिए बढ़ा तो हिंदू महासभा के लोगों ने विरोध कर दिया। इस पर बाउंड्री को छोड़ दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने कहा कि शहर को सुंदर और जाम से मुक्त करने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे पुलिस प्रशासन और पालिका कर्मचारियों ने क्रिश्चियन कॉलेज के गेट से अभियान की शुरुआत की। कई खोखे और दुकानों के चबूतरे तोड़े गए। कॉलेज के मैदान के बाहर बनीं दुकानों को तुरंत खाली करने के लिए कहा गया।
इसके बाद कई दशक से बढ़पुर शीतला माता मंदिर के बाहर सड़क से सटाकर लगीं फूल और प्रसाद की दुकानों के चबूतरों को तोड़ दिया गया। बाउंड्रीवाल ने प्याऊ का चबूतरा भी उखाड़ दिया। मामूली कहासुनी के बाद सभी शांत हो गए।
इसके बाद संतोषी माता मंदिर की बाउंड्रीवाल गिराने का नंबर आया तो हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा ने लोगों के साथ विरोध कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट से कहा कि कुछ धर्मस्थलों के बाहर फुटपाथ का अतिक्रमण नहीं हटाया गया, कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि हर जगह से कब्जे हटाए जाएंगे, अग कहीं छूट गया है तो वहां भी बुलडोजर चलेगा।
सरकारी जमीन को हरहाल में खाली कराया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने मंदिर की बाउंड्रीवाल खुद ही हटा लेने के लिए कहा। इस पर सभी सभी राजी हो गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि जाम बड़ी समस्या है।
शहर को सुंदर और जाम से मुक्त करने के लिए सड़कों को खाली करना ही होगा। इस कार्य में सभी का सहयोग बेहद जरूरी है। खासकर धर्मस्थलों के जिम्मेदारों को इस पर खास ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को तुरंत अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है।
रोडवेज की जमीन पर बना होटल भी हटेगा
रोडवेज की जमीन पर कब्जा कर बना होटल पिछले साल गिराया गया था। होटल मालिक ने कुछ महीनों बाद उसी जमीन पर पन्नी तानकर दोबारा होटल शुरू कर दिया। कई बार कहने पर नहीं हटाया, तो एआरएम आरसी यादव ने ईओ और डीएम से बात की। सिटी मजिस्ट्रेट को भी बताया। सिटी मजिस्ट्रेट ने शीघ्र ही खाली कराने का आश्वासन दिया।
फुटपाथ पर बनी मजार हटाने के आदेश
सिटी मजिस्ट्रेट और ईओ सुबह करीब साढ़े 10 बजे लाल गेट पहुंचे। उन्होंने मस्जिद के व्यवस्थापक से कहा की 24 घंटे में मजार हटा लें, जिससे लाल गेट पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके।
तोड़ते रहे पटिया, हटाते रहे खोखा
आवास विकास कालोनी और बढ़पुर के आसपास दिनभर दुकानदार पटिया तोड़ते रहे। बाहर पड़ी टिनशेड भी हटाए गए। यही नहीं सड़क किनारे रखे खोखा भी लोग अपने संसाधनों से ले जाते दिखे।