फर्रुखाबाद। दिवाली की रात जुगाड़ पटाखा पटने से पास खेल रहे बच्चे की मौत हो गई। पिता ने पड़ोसी पर रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है लेकिन तहरीर नहीं दी। एएसपी और फील्ड यूनिट ने मौके पर जांच की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पांचाल घाट बंधा निवासी मजदूर चंद्रपाल जाटव का पुत्र गंगाधर (11) दिवाली की रात पड़ोसी चंद्रप्रकाश के घर के सामने खेल रहा था। उस समय सभी जगह आतिशबाजी चलाई जा रही थी। इसी बीच बारूद भरा पाइप (जुगाड़ पटाखा) फट गया। बारूद व पाइप का टुकड़ा गंगाधर के पेट में जा लगा। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन लोहिया अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गंगाधर पांच भाइयों में छोटा था। बेटे की मौत से मां प्रेमवती रो-रो कर बेेहाल हो गईं।
सूचना पर एएसपी अजय प्रताप, सीओ अजेय शर्मा, कोतवाल विनोद शुक्ला, पांचाल घाट चौकी इंचार्ज भोलेंद्र चतुर्वेदी, फील्ड यूनिट ने मौके पर छानबीन की कर लोगों से जानकारी की। फील्ड यूनिट ने नमूने लिए।
चंद्रप्रकाश ने आरोप लगाया कि पड़ोसी से पुरानी रंजिश है। उसी रंजिश में हत्या की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। चौकी इंचार्ज भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।