कमालगंज। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया किशोर गहरे पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। दोस्तों के चिल्लाने पर पहुंचे आस- पास के लोगों ने गंगा में छलांग लगाकर शव को बाहर निकाला।
फतेहगढ़ के याकूतगंज चौकी क्षेत्र के गांव नगला पजाबा निवासी अर्जुन सक्सेना उर्फ भूरे मजदूरी करते हैं। शनिवार दोपहर भूरे का पुत्र कन्हैया सक्सेना(17) अपने दोस्त वरदान, आशीष, नितिन आदि के साथ भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नगला खेमरैंगाई स्थित घाट पर गंगा स्नान करने आया था। सभी गंगा में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान कन्हैया गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसके डूबता देख साथी बचाव की गुहार लगा कर चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आस- पास मौजूद ग्रामीण घाट पर पहुंचे। डूबते किशोर को बचाने के लिए छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने कन्हैया को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने घटना के संबंध में उसके परिजनों को सूचना दी। पिता भूरे परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और बिलखने लगे। थानाध्यक्ष राजेश राय ने घटनास्थल पहुंच परिजनों से जानकारी ली। भूरे ने बताया कि पत्नी की काफी वर्ष पहले मौत हो गई।
थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि किशोर के गंगा में डूबने की जानकारी पर वह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के इंकार कर दिया।