फोटो-22, कादरीगेट-मसेनी मार्ग पर जाम में फंसे वाहनों की लगी कतारें। संवाद
- फोटो : संवाद
फर्रुखाबाद। आवास विकास से मसेनी मार्ग पर चढ़ने वाले मार्ग की पुलिया निर्माण के चलते कार्यदायी संस्था ने सड़क पर पानी का टैंकर खड़ा कर दिया। लिहाजा वाहन निकलने में दिक्कत हुई। दोपहर में जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे बाद राहत मिल सकी।
शहर के भाजपा कार्यालय रोड होकर मसेनी मार्ग पर चढ़ने वाली सड़क की पुलिया का निर्माण चल रहा है। सोमवार को कार्यदायी संस्था ने आधे मार्ग पर मिट्टी डाल दी और दूसरी तरफ सड़क पर टैंकर खड़ा कर दिया। लिहाजा वाहनों के निकलने की जगह नहीं बची। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूली बसें, ट्रक और एंबुलेंस आने से जाम लग गया।
कुछ ही देर में मसेनी और लकूला की ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान बिजली लाइन के तार खींचने के लिए एक जेसीबी सड़क पर खडे़ होकर काम करने लगी। लिहाजा हालात और बदतर हो गए। वाहन चालकों के शोरगुल करने के बाद जेसीबी को हटाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम से निजात मिल सकी। लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीएसआई सतेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें जाम की जानकारी नहीं मिली। वह सड़क पर खड़ा टेैंकर हटवाएंगे।