मोहम्मदाबाद। दर्जी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को फंदे से उतारा। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंतीबाईनगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित डूडा कालोनी निवासी राजपाल शर्मा परिवार सहित रहते हैं। उनका पुत्र सचिन शर्मा (23) घर में सिलाई करता था। वह काफी दिनों से तनाव से ग्रसित था। रविवार रात सचिन सहित सभी लोगों ने साथ खाना खाया। इसके बाद सचिन कमरे में सोने के लिए चला गया।
सोमवार सुबह काफी देर होने के बाद भी सचिन कमरे से नहीं निकला तो मां आशा देवी ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पिता राजपाल शर्मा ने कमरे के पीछे खिड़की से झांककर देखा। पुत्र सचिन को साड़ी के फंदे पर कुंडे पर लटका हुआ पाया। राजपाल के चीखने पर पत्नी आशा देवी, पुत्र संजू, विपिन, पुत्री अंजू, मंजू आ गई। सभी लोग दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
दरवाजा तोड़कर सचिन के शव को फंदे से उतारा गया। पुलिस ने सचिन के मोबाइल की जांच की। मरने से पहले सचिन ने फेसबुक पर जिंदगी एक सफर है सुहाना यहां कल क्या हो किसने जाना गाने का स्टेटस लगाया था। पिता राजपाल ने पुलिस को बताया कि पुत्र काफी दिनों से तनाव से ग्रसित था। पूछने पर भी कुछ बताता नहीं था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।