केबिल को सड़क के पार निकालने के लिए बिजली कर्मचारियों ने बरेली-इटावा
स्टेट हाईवे को खोखला कर दिया। इससे सड़क धंस गई। पीडब्लूडी विभाग के
अधिशासी अभियंता ने डीएम को पत्र भेजकर विद्युत विभाग के नगरीय क्षेत्र के
अधिशासी अभियंता की शिकायत की है।
विद्युत कर्मचारियों ने बिना परमीशन
लिए स्टेट हाईवे को खोदकर बिजली की केबिल सड़क के पार कर दी। खोदी गई सड़क
पर गिट्टी और मिट्टी डालकर उसे दबा दिया गया था। भारी वाहनों के आवागमन के
कारण सड़क धंसना शुरू हुई। हाईवे की पेट्रोलिंग कर रही टीम ने इसकी जानकारी
विभागीय जेई अजब सिंह यादव को दी। इस पर जेई अजब सिंह गैंगमैन के साथ
पहुंचे। सड़क के बीचोबीच बड़ा गड्ढा देखकर इसकी सूचना उन्होंने विभाग के
अधिशाषी अभियंता विपिन पचौरी को दी। अधिशाषी अभियंता ने भी सड़क का मुआयना
किया। सड़क धंसने से कोई अनहोनी न हो इसके लिए श्रमिकों को लगाकर गड्डे में
मिट्टी व गिट्टी डलवा दी गई। मंगलवार को सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे जेई
ने सड़क के दोनों ओर हुए सुरंगनुमा गड्ढों
को देखकर खुदाई की आशंका जताई।
उनके मुताबिक स्थानीय लोगों ने बताया कि कई लोग गड्ढे में गिरकर चुटहिल हो
चुके हैं। यह गंभीर मामला है। राजमार्ग को खोदने से पहले विभागीय परमीशन
लेना जरूरी है। सड़क के नीचे इतना बड़ा छेद करने की इजाजत विभाग कभी नहीं
देता है। जेई ने बताया कि इस बीच यदि बरसात हो जाती तो किसी बड़े हादसे से
इंकार नहीं
किया जा सकता है। जेई की रिपोर्ट पर पीडब्लूडी के अधिशासी
अभियंता विपिन पचौरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों की शिकायत डीएम से की
है। अवर अभियंता अजब सिंह यादव ने बताया कि स्टेट हाईवे को काटना गंभीर
अपराध की श्रेणी में आता है। उन्हाेंने बताया कि डीएम से मांग की गई है कि
सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में आने वाली लागत की भरपाई बिजली
विभाग से करवाई जाए।