मीटर में निकला शंट, होगी रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। संदिग्ध होने पर सील किए गए चार मीटरों में एक और में टेस्टिंग के दौरान शंट निकला है। दो मीटरों में पहले शंट निकल चुका है। अब एक मीटर की टेस्टिंग होना शेष है। जिस उपभोक्ता के मीटर में शंट निकाला है उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मीटर खंड ने संदिग्ध मीटरों को खोल कर चेक करने के दिन निर्धारित कर दिए हैं।
29 जुलाई को विजिलेंस प्रभारी भूपेंद्र सहायक, अवर अभियंता संदीप कुमार और एसडीओ जितेंद्र गुर्जर ने चेकिंग के दौरान शहर से चार संदिग्ध मीटरों को सील कराया था। इसमें दो मीटरों की मीटर खंड कार्यालय में टेस्टिंग हुई थी। इसमें दोनों में शंट निकला था। एक और मीटर खोल कर चेक किया गया तो उसमें भी शंट निकला है।
एसडीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मीटर में शंट निकला है। उपभोक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मीटर खंड के एक्सईएन आश्रय सिंह यादव ने बताया कि शहर व ग्रामीण क्षेत्र से जो संदिग्ध मीटर उतर कर आते हैं उनको खोलकर टेस्ट करने के लिए दिन निर्धारित कर दिए गए हैं। शहरी क्षेत्र में मिलने वाले संदिग्ध मीटरों को प्रत्येक सप्ताह बुधवार को टेस्ट किया जाएगा। ग्रामीण व कायमगंज खंड क्षेत्र में मिलने वाले संदिग्ध मीटरों को प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को खोलकर टेस्ट किया जाएगा।