नवाबगंज। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से निकली चिंगारी से सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके पर जांच कर राजस्व कर्मियों को आग लगने की सूचना दी।
थाना क्षेत्र के गांव चंदनी निवासी पप्पू सक्सेना के खेत में गेहूं की पकी फसल लगी हुई थी। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। शनिवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। उस दौरान हवा तेज चल रही थी। आग ने कुछ देर में ही विकराल रूप ले लिया। आसपास के खेत में काम कर रहे लोगों ने फसल में लगी आग देखकर पप्पू को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर पप्पू परिवार सहित मौके पर पहुंचे और सबमर्सिबल चलाकर आग को बुझाने में जुट गए। जब तक आग को बुझाते तब तक सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख में तब्दील हो गई। सूचना मिलने पर एसओ आमोद सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने जांच कर खेत में काम कर रहे लोगों से आग लगने के संबंध में जानकारी की। ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से आग लगी है। तार जर्जर हैं। अन्य लोगों की फसल में आग लगने का भी खतरा है। ग्रामीणों ने जर्जर बिजली के तारों को बदलवाने और फसल जलने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।