अमृतपुर। एसडीएम न्यायालय से कृषि भूमि पट्टा आवंटन की पत्रावली गायब हो गई है। एसडीएम के पत्राचार के बावजूद पूर्व में तैनात पेशकार ने पत्रावली नहीं दी। इस पर एसडीएम ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है।
तहसील क्षेत्र के गांव किराचन में एक वर्ष पूर्व प्रधान राधा देवी ने खुली बैठक में 81 लोगों के नाम कृषि भूमि के पट्टे आवंटित कराए थे। एक साल बीत जाने के बाद भी अमल दरामद न होने व इंतखाब न मिलने से सुभानापुर निवासी राजीव कुमार ने जिलाधिकारी से शिकायत की और पट्टों का अमल दरामद कराए जाने व इंतखाब दिलाने की मांग की थी।
जिलाधिकारी ने जब इस संबंध में आदेश जारी किया तो तहसील में खलबली मच गई। खोजबीन के बाद भी पत्रावली एसडीएम न्यायालय में नहीं मिली। इस पर एसडीएम पद्म सिंह ने पेशकार कौशलेंद्र मिश्रा से जानकारी की तो बताया कि उन्हें चार्ज में पत्रावली मिली ही नहीं थीं।
एसडीएम ने पूर्व में तैनात निलंबित चल रहे पेशकार को पत्र भेज कर पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बावजूद पत्रावली न मिलने पर जिलाधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी गई है।