फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग से चौकी महमदपुर चौराहे पर घने कोहरे में स्कूली बस और छात्र-छात्राओं को स्कूल ला रहे ई-रिक्शा में भिड़ंत हो गई। इसमें चालक, दो छात्राएं और एक छात्र घायल हो गए। परिजनों ने घायल दो छात्राओं को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
शहर के श्यामनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की बस और दो छात्राओं व एक छात्र को लेकर स्कूल आ रहे ई-रिक्शा में मंगलवार सुबह चौकी महमदपुर चौराहे के पास टक्कर हो गई। घना कोहरा और सड़क किनारे लगे पुआल की वजह से वाहन दिखाई नहीं दिए। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार जहानगंज थाने के गांव खुरू नगला निवासी आसाराम की पुत्री आरजू (12), ब्रजेश की पुत्री सोनम (14), सुनील का पुत्र अश्विनी (7) और चालक अजय (25) घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों छात्राओं को परिजनों ने आवास विकास कालोनी के अस्पताल में भर्ती करा दिया।
छात्राओं के चेहरे और सिर में चोट बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हालांकि अस्पताल पहुंचे बस मालिक ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।