फर्रुखाबाद। देसी शराब ठेका के सेल्समैन का दुकान के अंदर संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। सुबह ठेकेदार ने दुकान न खुलने पर शव देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल को साक्ष्य बचाने के लिए किया सील कर दिया।
मऊदरवाजा थाने के गांव रायपुर निवासी शिवरतन पाल (40) तहसील से चिलसरा रोड स्थित देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन थे। रविवार सुबह 10 बजे दुकान नहीं खुली तो लोगों की सूचना पर दुकान मालिक पहुंचे तो शिवरतन का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव बरामद कर लोहिया अस्पताल भिजवाया।
सूचना पाकर छोटा भाई निर्दोष कुमार अन्य परिजनों संग लोहिया अस्पताल पहुंचा। निर्दोष ने कहा कि भाई की स्वाभाविक मौत नहीं है। उनकी हत्या की गई है। वह इन्हीं ठेकेदार के साथ करीब 20 साल से काम कर रहे थे। छह माह पहले झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद सेल्समैन का काम छोड़ दिया था। मगर ठेकेदार साजिश के तहत उन्हें दोबारा ले गया। शरीर पर चोटों के निशान हत्या की गवाही दे रहे हैं। वह 24 घंटे में सुबह घर पर रोटी खाने आते थे। रात में भी ठेके पर ही लेटते थे।
सूचना पर पत्नी पूनम पाल, पुत्र रिंकल, निर्मल, पुत्री वैष्णवी, बड़े भाई राकेश, राजेश, दीपेश कुमार और छोटे निर्दोष व पिता रामकिशन का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि शिवरतन की किसी से दुश्मनी नहीं थी। मौत कैसे हुई इसके लिए पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।