शमसाबाद ब्लाक क्षेत्र के गांव रजलामई में चिकनपाक्स फैला है। बीमारी की
चपेट में आए चार बच्चों का उनके परिजन झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज करा रहे
हैं। शिकायत के बावजूद चिकित्सीय टीम गांव में इलाज करने के लिए नहीं
पहुंची है। गांव रजलामई में दर्शिका (3) पुत्री अनूप कुमार, तनिष्का (4)
पुत्री अनुज कुमार, सार्थक (5) पुत्र राजीव कुमार और आंचल
कुमारी पुत्री
राजीव कुमार करीब एक हफ्ते से बीमारी की चपेट में हैं। इनके परिजन झोलाछाप
चिकित्सक से अपने बच्चों का इलाज करा रहे हैं। शनिवार को परिजनों ने इसकी
सूचना प्रधान नरेंद्र सिंह और भाकिमयू जिलाध्यक्ष रामबहादुर राजपूत को दी।
प्रधान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और भाकिमयू जिलाध्यक्ष ने सीएमओ को
मामले से अवगत कराया। इसके बावजूद गांव में
चिकित्सीय टीम नहीं भेजी गई
थी। पीड़ित बच्चों के परिजनों का कहना था कि करीब एक सप्ताह से उनके बच्चे
चेचक की चपेट में हैं। झोलाछाप चिकित्सक से इलाज करवा रहे हैं। उन्होंने
चिकित्सीय टीम गांव में भिजवाए जाने की मांग की है।