कायमगंज। बिजली विभाग से सेवानिवृत्ति जेई की बुखार से हालत बिगड़ गई। उनकी दिल्ली में मौत हो गई। एक सप्ताह से दिल्ली के होली फैमिली अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
गांव रायपुर में बुखार से काफी लोग चपेट में हैं। हाल में ही स्वास्थ्य महकमे ने गांव में दो दिन शिविर लगाकर दवा का वितरण किया। कई लोग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। करीब 15 दिन पूर्व इसी गांव के निवासी बिजली विभाग के सेवानिवृत्ति अवर अभियंता सलीम खान बुखार की चपेट में आ गए। परिजन स्थानीय इलाज कराते रहे। आराम न मिलने पर सलीम खान को परिजनों ने दिल्ली के होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके रिश्तेदार सैय्यदन शाह ने बताया कि गांव में बुखार फैला है। अभी भी लोग बुखार से पीड़ित हैं। सलीम खान के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शोभित कुमार ने बताया कि गांव में दो दिन शिविर लगाकर दवा वितरित की गई। इस समय वायरल बुखार चल रहा है। इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरतें, बुखार आने पर सीएचसी लेकर आएं। (संवाद)