फर्रुखाबाद। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान से माफी मांगने वाली पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने दोनों युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के बाद तिकोना चौकी पर हिंदूवादी नेताओं ने घेराव कर जमकर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिया था। हिंदू महासभा युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, राष्ट्रीय बजरंग दल के आकाश गुप्ता उर्फ सनी, सुमित गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने बजरिया निवासी जमालुद्दीन और बजरिया हरलाल निवासी शाहिद अली पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसमें कहा कि इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एक वीडियो एडिट किया। इसमेंं पाकिस्तान से माफी मांगते हुए युद्ध करने को गलती बताते हुए दर्शाया गया। इन्होंने फेसबुक व वाट्सएप पर वीडियो शेयर किया। इससे देशप्रेमियों की भावनाएं आहत हुईं हैं। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि जमालुद्दीन और शाहिद अली पर जानबूझकर अफवाह या चौंकाने वाली खबरें बनाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए दोनों पर शांतिभंग में कार्रवाई की गई थी।