कंपिल। महिला की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पति को पुलिस के हवाले कर दिया। पोस्टमार्टम में फांसी के कारण दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
थानाक्षेत्र के गांव सिरसा निवासी ऊषा देवी (36) की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर गांव धर्मपुर निवासी भाई हरवीर सिंह परिजनों के साथ पहुंचे। उसने बहनोई अरविंद पर बहन की हत्या का आरोप लगाया। पति अरविंद ने बताया कि पत्नी ऊषा ने फांसी लगा ली थी। उसको फंदे से उतारकर सीएचसी कायमगंज ले गया था।
वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। हरवीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति अरविंद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। भाई हरवीर ने बताया कि ऊषा का 16 वर्ष पहले अरविंद के साथ विवाह किया था। बहन के दो बेटे प्रशांत व सचिन हैं। अरविंद ने चार लाख रुपये में खेत बेचा था।
बहन अरविंद पर रुपये फालतू में न खर्च करने का दबाव बना रही थी। इसके चलते ही बहनोई ने बहन की गला दबाकर हत्या कर दी है। फोरेंसिक टीम ने पोस्टमार्टम हाउस में महिला के फोटोग्राफ लेकर वीडियो बनाया। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम में फांसी के कारण दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।