महिला की हत्या में पति के खिलाफ रिपोर्ट
नवाबगंज। महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाई ने आरोप लगाया कि बहनोई बहन पर लांछन लगाता था। उसने ही उसकी लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी है। घटना के बाद से वह फरार भी है। शुक्रवार रात एसओ ने गांव जाकर छानबीन की थी और एक ग्रामीण को हिरासत में लिया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला चंदन निवासी सुधा(40) की गुरुवार रात लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उसकी ननद लक्ष्मी ने गांव के ही पांच लोगों पर बीस हजार रुपये के लेन देन में हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। घटना के बाद से ही सुुधा का पति रघुनंदन उर्फ पप्पू फरार हो गया। एसओ ने शुक्रवार रात गांव में जाकर लोगों से पूछताछ की।
इसमें रघुनंदन उर्फ पप्पू की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। शनिवार को थाना अमृतपुर के गांव माखन नगला निवासी भाई ब्रह्मपाल सिंह ने बहनोई रघुनंदन उर्फ पप्पू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि बहन की बीस वर्ष पहले उससे शादी हुई थी। बहनोई सुधा पर गलत लांछन लगाता था।
उसने ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने गांव के एक ग्रामीण को भी हिरासत में लिया है जिसका सुधा के घर आना जाना था। एसओ आरके शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुधा की मौत के बाद रघुनंदन के अचानक गायब होने से पुलिस को पहले ही शक हो गया था। गांव में उसके खिलाफ कोई बोलने को तैयार नहीं है।
पहले भी हत्या के मामले में गया था जेल
पांच वर्ष पहले थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव माखन नगला निवासी पुष्पेंद्र के पुत्र सुनील का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में रघुनंदन व उसके साथी अली मोहम्मद, पेशकार, राजू बाथम को गिरफ्तार कर लिया था। उसे जेल भेजा गया था। पूछताछ में इन लोगों ने बताया था कि ढाई लाख की सुपारी लेकर सुनील को ठिकाने लगा कर शव फेंक दिया था। रघुनंदन को एसओजी ने एक वर्ष पहले शस्त्र फैक्ट्री समेत पकड़कर जेल भेजा था।