नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। व्यापारी की नाबालिग पुत्री को अगवा कर दुष्कर्म करने के मामले में देर रात पुलिस ने आरोपी सिपाही व एक अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, एसपी ने सिपाही को निलंबित भी कर दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक सिपाही को जेल नहीं भेजा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गुरुवार को थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी कपड़ा व्यापारी की 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को अगवा कर सिपाही ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पिता ने खोजबीन के दौरान महिला थाने में तैनात आरोपी सिपाही विनय चौहान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने देर रात पिता की तहरीर पर सिपाही व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री बुधवार सुबह 7:30 बजे स्कूल गई थी। रास्ते में सिपाही ने अपनी कार में पुत्री को जबरदस्ती बैठा लिया। कार में पुत्री के साथ सिपाही ने दुष्कर्म किया। चिल्लाने पर कार चला रहे व्यक्ति ने तमंचा दिखाकर पुत्री को डराया धमकाया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ले ली है। हालांकि, आरोपी सिपाही को जेल नहीं भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही व उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच सीओ मोहम्मदाबाद को दी गई है। किशोरी का मेडिकल कराया गया है। थानाध्यक्ष नवाबगंज विद्यासागर तिवारी ने बताया कि आरोपी सिपाही विनय चौहान से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
कार में मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं
सूत्रों के अनुसार जिस कार में बैठाकर किशोरी के साथ सिपाही विनय चौहान ने दुष्कर्म किया, उसमें जांच के दौरान कई आपत्तिजनक वस्तुएं पुलिस ने बरामद कीं हैं। आरोप है कि किशोरी के पिता पर समझौते का दबाव भी डाला गया। हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ भी नहीं बताया।