कमालगंज। महिला का अपहरण करने के बाद जबरन निकाह फिर विरोध पर दुष्कर्म करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मुरादाबाद के थाना ठाकुर द्वारा के मोहल्ला सरवत नगर निवासी नाजिर, नासिर, साकिर, फिरोज गौहर, नाजीरा, हमीदन, मोहल्ला बाबरखेड़ा निवासी गुलफान, नसरूद्दीन व मोहल्ला सरीफ नगर निवासी कमाल मिस्त्री के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर अपहरण, दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट सहित नौ धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित महिला ने बताया कि आठ जून 2021 की सुबह वह कमालगंज बाजार गई थी। तभी वहां कार लिए खड़े नाजिर व फिरोज ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। दोनों उसे मुरादाबाद के ठाकुर द्वारा ले गए। यहां उसे साकिर अपने मामा नसरूद्दीन के घर ले गया। यहां नाजिर ने जबरन उससे निकाह किया। विरोध कर कमरे में बंद कर दिया और नाजिर उससे दुष्कर्म करता रहा। धर्म परिवर्तन के लिए उसे प्रताड़ित करता रहा।
महिला के पति ने 15 जून 2021 को थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कराया। पुलिस ने 14 जुलाई को उसे ढूंढ निकाला और पति के सुपुर्द किया। इसके बाद आरोपी फोन कर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकियां देते रहे। 21 दिसंबर की शाम आरोपी उसके गांव पहुंचे और महिला को घर के बाहर से खींचकर बाग में झोपड़ी में ले गए। जातिसूचक गालियां देकर दुष्कर्म का प्रयास किया। गांव वालों के आने पर आरोपी भाग गए। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली।