फर्रुखाबाद। आलू की फसल के लिए मंगलवार को आसमान से तेजाब बरसा। सुबह से हो रही रिमझिम बरसात के चलते आलू की फसल में झुलसा रोग लग सकता है। एक-दो दिन मौसम का आलम यही रहा तो आलू खेत में ही सड़ सकता है। बूंदाबांदी से सरसों के फूल झड़ने से सरसों की पैदावार पर असर पड़ेगा। बरसात गेहूं के लिए संजीवनी बनकर आई है। रिमझिम बरसात होने से गेहूं की पैदावार बंपर होने की उम्मीद है। वहीं, तंबाकू की फसल को भी बरसात से लाभ मिलेगा। आलू, सरसों, गेहूं और तंबाकू फसल पर पेश है रिपोर्ट:-।
सड़ सकता है आलू
बारिश से आलू सड़ने की आशंका है। नवाबगंज के बरतल निवासी मेवाराम ने बताया कि उन्होंने सात बीघा में आलू की फसल बोई है। एक-दो दिन ऐसी बरसात हुई तो आलू की फसल सड़ सकता है। तुषौर निवासी महेश कुमार सिंह, रामशंकर यादव निवासी राजेपुर ने बताया कि रिमझिम बरसात से आलू में झुलसा रोग लग जाएगा। शमसाबाद ब्लाक के किसान रामानंद निवासी असगरपुर ने बताया कि सुबह से हो रही रिमझिम बरसात ने आलू की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। आलू खेत में पका खड़ा है। अगर दो-तीन दिन तक यही हाल रहा तो आलू खेत में ही सड़ सकता है। मोहम्मदाबाद ब्लाक के मुनेश्वर सिंह निवासी न्यामतपुर ठाकुरान, जयपाल सिंह राठौर निवासी हैदरपुर का कहना है कि आलू के भाव वैसे ही काफी कम है। बरसात ने किसानों की कमर और तोड़ दी है।
झड़ रहा सरसों का फूल
रिमझिम बरसात से सरसों की फसल को करीब 30 प्रतिशत नुकसान होगा। किसान सफकतउल्ला खां निवासी जाफर नगर का कहना है कि चार बीघा में सरसों बोई है। पानी की बूंद से सरसों का फूल झड़ रहा है। इससे फसल की पैदावार करीब 20 प्रतिशत तक घट सकती है। अमृत ब्लाक के मोकुलपुर के रहने वाले राजवीर कहते हैं कि सरसों की फसल में माहूं रोग लग सकता है।
गेहूं की होगी बंपर पैदावार
गेहूं की फसल के लिए यह मौसम काफी फायदेमंद है। राजेपुर ब्लाक के सुरेंद्र सिंह यादव निवासी खरगपुर कहते हैं कि गेहूं के अनुकूल मौसम है। इस मौसम से गेहूं की फसल को लाभ होगा। अमृतपुर के वीरभान सिंह निवासी करनपुरदत्त कहते हैं कि गेहूं की फसल के लिए इस बरसात ने संजीवनी का काम किया है। इससे गेहूं की फसल को काफी लाभ मिलेगा। अच्छी पैदावार होगी।
तंबाकू फसल को मिलेगा लाभ
कंपिल कसबा निवासी रामभरोसे का कहना है कि रिमझिम बरसात से तंबाकू की फसल को फायदा हुआ है। इस बरसात से तंबाकू फसल की अच्छी पैदावार होगी।