कमालगंज(फर्रुखाबाद)। जल्द ही यात्रियों को इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेन से सफर करने का आनंद मिलेगा। फर्रुखाबाद से कन्नौज तक 28 नवंबर को इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल लिए जाने की तैयारी है। इसके बाद कमिश्नर आफ रेलवे सेफ्टी का निरीक्षण होगा। इन दिनों रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे कार्य चल रहा है। शनिवार को राजीपुर से कमालगंज के बीच इलेक्ट्रिक लाइन में दोनों तार को सपोर्ट देने का काम चलता रहा।
फतेहगढ़ से कमालगंज के बीच इलेक्ट्रिक इंजन को पावर देने के लिए दोनों तारों को सपोर्ट देने का काम पूरा होने के बाद शनिवार को रजीपुर व कमालगंज के बीच का कार्य किया गया। कांट्रेक्ट वायर को रेल पटरी से 5.80 मीटर व ऊपर वाले वायर को 7.20 मीटर पर बांधा गया है। कार्यदायी संस्था के प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि फर्रुखाबाद से कन्नौज तक कर स्टेशनों पर इस समय 24 घंटे कार्य चल रहा है। अभी रात को 2.2 वोल्ट का पावर रहता है। 25 तारीख को 25 हजार वोल्ट का पावर देकर इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल कन्नौज से फर्रुखाबाद तक लिया जाएगा। इसके बाद सीआरएस का निरीक्षण होगा। कन्नौज से फर्रुखाबाद तक रेल लाइन लगभग 80 किलोमीटर लंबी है।