संकिसा मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही
मौत हो गई। मृतक का साथी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों में
कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रैसेपुर निवासी जगरूप कठेरिया (26) पुत्र
लल्लाबेटा बुधवार को थाना मेरापुर के गांव नदौरा निवासी
रिश्तेदार विनोद
कठेरिया के यहां दाहसंस्कार में शामिल होने गया था। यहां से वह दोपहर को घर
लौट रहा था। उसके साथ में गांव का ही नागेश कठेरिया भी था। बाइक जगरूप चला
रहा था। नागेश पीछे बैठा था। संकिसा मार्ग पर अशोका कोल्ड के पास से
गुजरते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में
जगरूप की मौके पर मौत हो
गई। नागेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को
देखकर चालक वाहन छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने घायल को कस्बा के सरकारी
अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर मृतक के पिता लल्लाबेटा, पत्नी
विनीता और परिवार के अन्य लोग मौके पर जा पहुंचे। दरोगा रमेश सिंह भदौरिया
ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की तहरीर
कोतवाली पुलिस को दी गई।