कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : FARRUKHABAD
कस्बा नवाबगंज में जाम लगाकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठियां फटकारने व मुकदमा दर्ज करने के विरोध में भाकियू (लोकशक्ति) ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। सीओ के खिलाफ कार्रवाई व मुकदमा वापसी की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के जिलाध्यक्ष दीपू राठौर के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। एडीएम कार्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। सिटी मजिस्ट्रेट आरए चौहान ने धरनास्थल पहुंचकर बात की। भाकियू पदाधिकारियों ने उन्हें जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इसमें कहा गया कि दो सितंबर को व्यापारियों ने नवाबगंज में जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान सीओ मोहम्मदाबाद से भाकियू (लोकशक्ति) जिलाध्यक्ष व सचिव ने बात की। इसी बीच पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों पर लाठियां चला दीं। पुलिस से पिटता देख कुछ शरारतीतत्वों ने उपद्रव शुरू कर दिया।
इस पर पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि कुछ कार्यकर्ता पुलिस प्रताड़ना से भयभीत हैं। उन्होंने मामले की गहनता से जांच कराने के साथ सीओ के खिलाफ कार्रवाई, भाकियू कार्यकर्ता व व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस किए जाने की मांग की।
इस दौरान राजवीर सिंह चौहान, तिरमल सिंह यादव, डॉ.ज्ञानेश राजपूत, देवेंद्र, टिंकू कुशवाह, महिपाल राजपूत, निर्मल सिंह, अजीत यादव, दिनेश गुप्ता आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।