शमसाबाद। गांव शुकरुल्लापुर स्थित रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ओवरब्रिज के निर्माण कार्य चलने के दौरान हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने अधिगृहीत भूमि का मुआवजा न मिलने की बात कहकर काम रुकवा दिया और मजदूरों को वहां से खदेड़ दिया।
शुकरुल्लापुर में चल रहे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए गांव सादिक नगला के ग्रामीणों की भूमि अधिगृहीत की गई। अधिकारियों ने उन्हें मुआवजा मिलने का आश्वासन दिया था पर अब तक मुआवजा न मिला। इस पर ग्रामीणों में आक्रोश था। शाम को करीब आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम बंद कराने के साथ मजदूरों को वहां से खदेड़ दिया। कहा कि मुआवजा न मिलने पर काम नहीं होने दिया जाएगा।
सेतु निगम के सहायक अभियंता आरएस वर्मा ने बताया कि चार पिलर पूरे हो गए हैं। पांचवें पिलर के निर्माण के दौरान किसानों ने मुआवजे की मांग की है। किसानों से वार्ता कर समस्या का समाधान किया जाएगा। शीघ्र ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।