कायमगंज। उपजिलाधिकारी अमित आसेरी के नेतृत्व में बांट-माप दल ने क्षेत्र के आधा दर्जन पेट्रोल पंपों व एक गैस एजेंसी पर जांच की। कंपिल रोड स्थित नेशनल फिलिंग स्टेशन पर एक पेट्रोल की मशीन घटतौली मिलने पर सील की गई। गैस एजेंसी पर इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन का प्रमाण पत्र न होने पर 5 हजार का जुर्माना लगाया गया।
शुक्रवार को एसडीएम के साथ वरिष्ठ निरीक्षक बांट-माप विजय कुमार आदि कंपिल रोड स्थित नेशनल फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। वहां पेट्रोल डालने की तीन मशीनें मिलीं। एक पहले से बंद थीं। अन्य की डीजल व पेट्रोल मशीनें चेक कीं। पेट्रोल डालने की एक मशीन में 40 एमएल की घटतौली पाई गई। टीम ने मशीन को सील कर दिया। इसके अलावा कायमगंज फिलिंग स्टेशन पुलिया, गोपालजी ऑटो व किसान सेवा केंद्र शिवरई वरियार, खान पेट्रोल पंप बाईपास रोड, ओम फिलिंग स्टेशन नवाबगंज की पंप पर जांच की गई। रुटौल में ध्वनि गैस एजेंसी की गोदाम पर डोमेस्टिक व कामर्शियल गैस सिलेंडर की तौल की गई। इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन का प्रमाण पत्र न दिखा पाने पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार में गल्ला आढ़तियों के कांटे चेक किए। मां शारदा ट्रेडिंग कंपनी पर 10 किलो के बांट पर 40 ग्राम का इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर अंतर पाया गया। इस पर दुकान मालिक पंकज गुप्ता को निर्देश दिया कि जब तक इलेक्ट्रॉनिक कांटा सही न हो तब तक उसका उपयोग न किया जाए। अनिल एंड संस न्यू कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी, पवन ट्रेडिंग कंपनी, श्री गणेश ट्रेडिंग कंपनी, बीएस ट्रेडर्स को इलेक्ट्रॉनिक कांटों में रसीद तथा नवीनीकरण न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। एसडीएम ने बताया कि दुकानदारों को कमियों के आधार पर नोटिस दिया जा रहा है। दोबारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।