फर्रुखाबाद। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रदेश सरकार ने पॉलीथिन प्रयोग पर पाबंदी लगा दी है। जिले में पहले दिन पाबंदी बेअसर रही। दुकानदारों ने धड़ल्ले से पॉलीथिन की बिक्री की। इनको रोकने और टोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अभियान तक नहीं चलाया गया।
शहर क्षेत्र में घुमना बाजार, त्रिपोलिया चौक, लालसराय, रेलवे रोड, पल्ला सब्जी मंडी, भोलेपुर, तिकोना चौकी और लोहाई रोड आदि बाजारों में दुकानदारों ने धड़ल्ले से पॉलीथिन का प्रयोग किया। बुक स्टाल की दुकान हो या फिर कंफेक्शनरी की। हर कोई ग्राहक को पॉलीथिन में सौदा दिया।
सब्जी और फल विक्रेताओं की ठेली पर भी पॉलीथिन रखी रही। प्रदेश सरकार के रोक लगाए जाने का असर बाजार में नजर नहीं आया। जिला प्रशासन की ओर से पॉलीथिन बिक्री रोनके लिए कोई अभिान नहीं चलाया। इस कारण दुकानदार बेखौफ होकर पॉलीथिन का प्रयोग करते रहे।
चोरी-छिपे पॉलीथिन बिकी
शमसाबाद। फैजबाग, रोशनाबाद, मंझना, शमसाबाद, और चिलसरा बाजार में रोज की तरह गुरुवार को भी पॉलीथिन का प्रयोग होता रहा। सब्जी और फल विक्रेता चोरी-छिपे पॉलीथिन में सौदा दे रहे हैं। वहीं, रेडीमेड दुकानों और मिठाई की दुकानों पर भी पॉलीथिन का प्रयोग होता रहा।
ठेली वालों को प्रतिबंध की जानकारी नहीं
राजेपुर। कसबा बाजार, जैनापुर, सलेमपुर, अलीगढ़ और जमापुर आदि बाजारों में मूंगफली, चना, सब्जी और फल की ठेली लगाने वाले दुकानदारों को पॉलीथिन पर लगाई गई रोक की जानकारी नहीं है। सलेमपुर बाजार में फल की ठेली लगाए दुकानदार किशन मुरारी का कहना है कि पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसकी जानकारी नहीं है। बोला, वैसे तो बाजार में हर कोई पॉलीथिन का प्रयोग कर रहा है।