फर्रुखाबाद। हाड़कंपाऊ सर्दी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव न जलने से राहगीरों का बुरा हाल रहा। सूरज न निकलने से घरों में लोगों के गीले कपड़े भी नहीं सूख पा रहे हैं।
गुरुवार को आसमान में बदरी सुबह सेे ही छाई रही। शीतलहर चलने से पारा काफी लुढ़क गया। साहबगंज चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और मसेनी रोड आदि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलने से लोग ठिठुरते रहे।
रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर यात्री प्रतीक्षालय में यात्री कंबल आदि ओढ़कर दुबके नजर आए। रोडवेज फर्रुखाबाद के निर्माणाधीन होने के चलते यहां तो यात्री खुले में ही कंपकंपाते रहे। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास के दुकानदारों ने अपने स्तर से अलाव जलाए थे, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली। तीन दिन से धूप न निकलने के चलते घरों में लोगों के कपड़े भी नहीं सूख पा रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं।