फर्रुखाबाद। खेत खलिहान कुटीर उद्योग बचाओ रोजगार दो, किसान-नौजवान-पटेल यात्रा लेकर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने केवल धोखा दिया है, जनता इसका जवाब चुनाव में देगी। सपा की सरकार बनते ही उत्तम प्रदेश बनाया जाएगा।
शहर के मनेशी चौराहे पर बुधवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरेश उत्तम ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा ने किसान, नौजवानों से झूठ बोलकर सरकार बनाई। अब सच जनता के सामने आ चुका है। किसानों को खेत खलिहान में हुई उपज का न वाजिब दाम मिला और न ही कुटीर उद्योगों को संरक्षण दिया गया।
रोजगार के नाम पर युवाओं को गुमराह किया जाता रहा। अब वक्त आ गया है, पार्टी के कार्यकर्ता घर से निकलकर जनता के बीच जाएं। जनता को अखिलेश यादव सरकार की उपलब्धियां और भाजपा सरकार की कमियां बताएं। पुरानी पेंशन बहानी की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच ने सपा प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर भी कार्यक्रम में पहुंचे। अध्यक्षता पूर्व जिला बार अध्यक्ष जवाहर सिंह गंगवार और संचालन मुन्ना यादव ने किया।
शहर में जगह-जगह प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। कादरीगेट स्थित एक गेस्ट हाउस में महेंद्र सिंह गंगवार, जहानगंज और भोजपुर में जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, डॉ. सुबोध यादव, डॉ. अरविंद गुप्ता, विजय यादव, मंदीप यादव, राशिद जमाल सिद्दीकी, दमयंती सिंह, करन सिंह, विक्की, डॉ. अनार सिंह, डॉ. जितेंद्र यादव, इलियास मंसूरी, सरल दुबे, अंश दुबे ने स्वागत किया।
मंच पर जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने कहा कि सपा में कुछ दिनों में 300 लोग शामिल हुए। दो नाम पढ़ने के बाद कहा, पूरे नाम पढ़ने से काफी समय लगेगा। प्रदेश अध्यक्ष को भी सुनना है। इसके बाद वह मंच से जाकर बैठ गए। जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा ने पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ. सुबोध यादव से कहा कि नाम पूरे पढ़ने चाहिए। सुबोध ने माइक लेकर एक पेज के नाम पढ़ दिए। इसके बाद अन्य बातों का संबोधन करने लगे, तो जिलाध्यक्ष ने मंच पर जाकर सुबोध से माइक छीन लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अनुशासनहीनता है। मुझे नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे अच्छा तो इस्तीफा दे दूं।