रोडवेज बस स्टैंड पर लगेज की जांच करती पुलिस।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। छिबरामऊ बस कांड और होली के त्योहार को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर लगेज चेक किया। इसी दौरान तीन बोरियों में भरी रबर को नहीं ले जाने दिया। कहा कि ज्वलनशील पदार्थ है। लिहाजा सावधानी बरतनी चाहिए।
रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह से ही पुलिस सक्रिय रही। जो भी लगेज लेकर अंदर आया, उसको बारीकी से चेक किया गया। पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध दिखने वाले बैगों को भी चेक किया। इसी दौरान पूछताछ कक्ष के सामने तीन बोरियां दिखाई दीं। पुलिस बल ने उसके मालिक के बारे में पूछा। वह पास में ही था।
उनसे सामान के बारे में पूछा, तो पता चला कि रबर है। इस पर पुलिस कर्मियों ने बस से न ले जाने का फरमान सुनाया। काफी देर तक वह मानमनौव्वल करता रहा। मैनपुरी जा रही बस के परिचालक को भी हिदायत दी कि ज्वलनशील पदार्थ किसी कीमत पर न ले जाएं। पुलिस कर्मियों ने अनुबंधित बसों की डिकी भी खोलकर चेक की।