कमालगंज (फर्रुखाबाद)। नेपाल से दो बसों से लौटे 82 तीर्थयात्रियों से बुधवार को एसडीएम, सीएमओ व एसीएमओ ने पूछताछ की। दो तीर्थयात्रियों ने दस्त उल्टी व बुखार की परेशानी बताई। अधिकारियों ने कोरोना वायरस से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सभी को 14 दिन घर में रहने की हिदायत दी। कहा दिन में कई बार हाथ धोएं। तबियत खराब होने पर प्रधान, आशा आदि को सूचना देकर सीएचसी पर दिखाएं।
ग्राम पंचायत बहोरनपुर टप्पा हवेली के मजरा कल्लू नगला से 46 व चाचूपुर से 36 ग्रामीण 13 मार्च को दो बसों से तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे। वे नीमसार मिश्रिख, गोला गोकर्णनाथ, पूर्णागिरि के साथ ही नेपाल भी गए थे। मंगलवार रात इनके लौटने की सूचना अधिकारियों को मिली।
इस पर बुधवार सुबह लेखपाल प्रदीप बाथम प्रधान प्रमोद यादव पप्पू व स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गांव पहुंचे। दोपहर में एसडीएम सदर अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर, एसीएमओ डॉ. राजीव शाक्य, थानाध्यक्ष अंगद सिंह के साथ गांव पहुंचे। एसडीएम ने तीर्थयात्रियों कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया।
कहा कि जो लोग नेपाल से लौटे हैं वे 14 दिन तक गांव व घरों से बाहर न जाएं। ज्यादा लोगों से बातचीत न करें। जूठे बर्तनों में खाना न खाएं और न ही खिलाएं। सीएमओ ने कहा कि सभी लोग रोज स्नान करें और दिन में अधिक-अधिक हाथ धोएं। किसी की तबियत बिगड़े तो तुरंत ही प्रधान, आशा को सूचना देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं।
मेडिकल स्टोर से दवा लेकर काम न चलाएं। सभी मास्क पहनें और साथ में गए अन्य लोगों को भी जागरूक करें। ग्रामीणों ने दो तीर्थयात्रियों की बीमार होने की बात कही। एसडीएम व सीएमओ ने उन्हें सीएचसी जाने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ता रेनू बीमार बालिका को लेकर सीएचसी पहुंची। वहां। मलेरिया व टाइफाइड की जांच के लिए नमूना लिया गया। महिला को दस्त व उल्टी की दवा दी गई।