फर्रुखाबाद। कमालगंज क्षेत्र के गांव नगला खेम रैंगाई व पृथ्वीपुर का रास्ता कट जाने से बच्चों को स्कूल पहुंचना मुश्किल है। मंदिर व मस्जिद कटान की जद में आने से जनहानि की भी आशंका है। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम से मदद की गुहार लगाई है।
नगला खेम रैंगाई को गंगा के कटाने से बचाने के लिए सिंचाई विभाग ने करीब चार करोड़ से बाढ़ राहत कार्य कराया है। मंगलवार को गांव नगला खेम रैंगाई व पृथ्वीपुर के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि अत्यधिक बारिश के गांव के दोनों मुख्य मार्ग कट चुके हैं। इससे रास्ते में जलभराव की समस्या है। गांव तक आने-जाने में दिक्कत होने के साथ बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
किसी की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए ले जाने का भी कोई साधन नहीं है। जलभराव व कटान से गांव में बने शिव मंदिर व मस्जिद ढहने की कगार पर हैं। इससे भारी जनहानि की आशंका है। ग्रामीण कई वर्षों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने जलभराव व कटान की समस्या का निस्तारण न होने पर धरना प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।