फर्रुखाबाद। शहर में लालगेट से मऊदरवाजा थाने तक नान वेंडिंग क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। इस बीच यदि कोई दुकान, ठिलिया व खोमचा लगाए मिला तो उस पर अर्थदंड के साथ सामान जब्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थाई दुकान के आगे नाली पर दुकान लगवाने में व्यापारी को भी दंडित किया जाएगा।
शहर के लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए हाल ही अभियान चलाकर फुटपाथ व नाले-नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटाया गया था। अब सिटी मजिस्ट्रेट ने लालगेट से मऊदरवाजा थाने तक नो वेंडिंग जोन घोषित कर दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि इस क्षेत्र में अब फुटपाथ पर दुकानें नहीं लगाई जा सकेंगे। अगर किसी ने दुकान लगाई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी स्थायी दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने फुटपाथी दुकानदार को बैठाया तो उसके (स्थायी दुकानदार) के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना लगाने के साथ सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। नो वेंडिंग जेन में दुकान लगी मिलने पर पुलिस व ईओ को जिम्मेदार माने जाएंगे।
19 वेंडिंग जोन बनाए गए
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि फुटपाथी दुकानदारों, ठिलिया-खोमचे वालों के लिए 19 वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। इन स्थानों पर पहले आओ, पहले पाओ आधार पर जगह आवंटित की जाएगी। अस्थायी दुकानदार जगह के लिए नगरपालिका ईओ से संपर्क कर सकते हैं।