संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। दुर्दांत अपराधियों से लेकर अवैध शराब, शस्त्र के मामलों में पकड़े गए लोगों का डोजियर (रिकार्ड) बन रहा है। रजिस्टर में फोटो लगाने के साथ मोबाइल नंबर, आपराधिक रिकार्ड के साथ दस वर्ष से ऐसे लोग कहां रह रहे हैं इसका ब्योरा दर्ज किया जा रहा है।
एसपी अशोक कुमार मीणा के आदेश पर जिले के प्रत्येक बदमाश का डोजियर तैयार किया जा रहा है। इसमें दुर्दांत बदमाशों के अलावा, शराब व अवैध असलहों के साथ पकड़े गए लोग भी शामिल हैं। सभी की फोटो भी डोजियर में लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। डोजियर में अपराधी का नाम पता, घटना करने के बाद छिपने का स्थान, फरारी में मदद करने वाले लोगों के नाम, शस्त्र लाइसेंस, वर्तमान लोकेशन (जेल, जमानत या फरार), अपराधी का व्यक्तिगत हुलिया, परिवार एवं रिश्तेदारों का विवरण, महिला मित्रों के नाम, मकान नबंर, मोबाइल नंबर, उसका आपराधिक इतिहास, राजनीतिक सहयोगियों व राजनीतिक विचारधारा का विवरण, संपत्तियों का विवरण, पैनकार्ड का विवरण, क्रेडिट व डेबिटकार्ड का उल्लेख करना, पासपोर्ट व वीजा के अलावा अब तक की गई विदेश यात्रा का विवरण डोजियर में भरा जाएगा। बदमाश का सहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के नाम, पैरवी करने वाले लोगों के नाम, मुकदमे लड़ने वाले वकीलों के नाम, जमानत लेने वाले लोगों के नाम व पते भी दर्ज किए जाएंगे। एसपी के आदेश के बाद थानों में डोजियर बनाने का काम तेजी से चालू हो गया। दरोगा व सिपाही अपने इलाके के बदमाशों के फोटो तलाशते घूम रहे हैं। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि सभी अपराधियों के डोजियार बनाने के आदेश दिए हैं।