फर्रुखाबाद। ताज डिपो की बस के परिचालक ने शाम चार बजे जब सवारियां बैठानी शुरू कीं तो विवाद खड़ा हो गया। रोडवेज बस स्टैंड पर तैनात पीआरडी जवान ने परिचालक को पीट दिया। इससे आगरा रीजन के अन्य डिपो के कर्मचारी भी एकजुट हो गए। इस पर आरोपी भाग गया। कादरीगेट चौकी प्रभारी और कोतवाली पुलिस ने पूछताछ की।
ताज डिपो की एक बस दोपहर दो बजे यहां पहुंची। चार बजे जब उसका नंबर आया तो उसने सवारियां भरनी शुरू कर दीं। इसी दौरान स्थानीय डिपो की एक बस आगरा के लिए आ गई। ताज डिपो के परिचालक कृष्णमुरारी ने जब कुछ देर बाद भरने का आग्रह किया, तो विवाद खड़ा हो गया। कुछ ही देर में पूछताछ प्रभारी शिवप्रकाश दुबे आ गए। परिचालक और पूछताछ प्रभारी की बातचीत हो ही रही थी कि वहां पहुंचे एक पीआरडी जवान ने परिचालक पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में मैनपुरी, फिरोजाबाद, बाह आदि डिपो के कर्मचारी भी आ गए। परिचालक की सूचना पर चीता मोबाइल पहुंच गई। चौकी प्रभारी हरिओमप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी।