फर्रुखाबाद। कोरोना महामारी से चल रही जंग में शासन से जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद लेने की पहल शुरू की गई है। योजना से जुड़ने को विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पंजीकरण शुरू कर दिया है। जल्दी ही इनकी सूची हर जिले को मिल जाएगी ।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत कोरोना की जंग में विशेषज्ञ चिकित्सकों को जोड़ा जाएगा। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने इस संबंध में सीएमओ को आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आपात स्थिति में स्वास्थ्य विभाग को विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सामना न करना पड़े। इसके लिए यह योजना शुरू की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.वंदना सिंह ने बताया
कि योजना से जुड़ने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों को 15 दिन की सेवा के लिए 75 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना पैकेज के तहत बीमा योजना का लाभ भी मिलेगा। रहने व भोजन व्यवस्था भी विभाग की ओर से की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की श्रेणी में एनेस्थेटिस्ट, कार्डियोलाजिस्ट, नेफ्रोलाजिस्ट, चेस्ट फिजीशियन, गायनेकोलाजिस्ट व पीडियाट्रिसियन योजना से जुड़कर अपनी सेवाएं दे सकते हैं। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सक सीएमओ की ई-मेल आईडी पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
फर्रुखाबाद। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं कार्यकर्ताओं को पल्स ऑक्सीमीटर का वितरण किया गया। आप के कार्यालय पहुंचे मुख्य अतिथि प्रवीन राजपूत और महेंद्र सिंह ने कोरोना जिला प्रभारी गौतम कश्यप की मौजूदगी में गांवों में घर-घर चलने वाले आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने पल्स ऑक्सीमीटर का वितरण भी किया। इस मौके पर जिला महा सचिव राज गौरव पांडेय, जिलाध्यक्ष अतुल शर्मा, अभिषेक यादव, आदिल सिद्दीकी, रामकृष्ण कश्यप, प्यारे वारसी, शैलेंद्र भदौरिया आदि ने ट्रेनिंग ली।