फर्रुखाबाद। युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में कोर्ट ने फतेहगढ़ कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। 25 मार्च की सुबह युवक फंदे पर लटका मिला था।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूसा मंडी निवासी मोहम्मद रईस ने सीजेएम कोर्ट में मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी इमरान व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि 24 मार्च को पुत्र मोहम्मद तौकीर उमर रमजान के मौके पर नमाज पढ़कर आया। मोबाइल पर बात करते हुए कमरे में चला गया। 25 मार्च की सुबह तीन बजे नमाज के लिए पुत्र को जगाने के लिए आवाज दी, लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई।
अंदर झांककर देखा तो पुत्र को फंदे से लटका पाया। सूचना पर पुलिस मौके पर आई। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। जानकारी करने पर पता चला कि इमरान व उसके पांच साथी कई दिनों से पुत्र को परेशान कर रहे थे। यह लोग कुछ अनैतिक काम भी करते हैं। इस मामले में थाने व एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं की गई। कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई कर तीन दिन में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।