अमृतपुर। मनरेगा में बिना काम के भुगतान की शिकायत पर शुक्रवार को जांच करने पहुंचे अधिकारियों के सामने ही दोनों पक्ष भिड़ गए। इससे लाठी-डंडे चल गए। माहौल बिगड़ते देख अधिकारी बिना जांच के ही मौके चले गए।
राजपुर ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बली पट्टी रानी गांव निवासी अनिल कुमार अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी कि मनरेगा में बिना काम के ही भुगतान कर गोलमाल किया गया है। इस पर मनरेगा के अपर आयुक्त महेंद्र कुमार, डीसी मनरेगा रणजीत कुमार, राजेपुर बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल के साथ जांच करने ग्राम पंचायत बली पट्टी रानीगांव पहुंचे। उन्होंने मनरेगा कार्यों को देखा तो कुछ कार्य अधूरे मिले। इस दौरान शिकायतकर्ता ने चयनित स्थान पर काम न होने का भी मुद्दा उठाया। इस पर अधिकारी पंचायत घर में वार्ता करने पहुंचे। वहां कुछ ही देर में प्रधान व शिकायतकर्ता के पक्षों में विवाद होने लगा। कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ने पर लाठी-डंडे चल गए। माहौल बिगड़ता देख अधिकारी मौके से खिसक गए। इससे जांच अधूरी रह गई।
बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद होने से जांच पूरी नहीं हो सकी। पुलिस बल साथ ले जाकर मनरेगा कार्यों की जांच कराई जाएगी।