मोहम्मदाबाद। बिजली तार में फाल्ट होने से तीन झोपड़ियों में आग लग गई। आग से घरेलू सामान, नकदी जल गई। दमकल ने आग को बुझाया। राजस्व टीम ने नुकसान का जायजा लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खिमसेपुर के मजरा जोगी नगला निवासी संतोष नाथ की झोपड़ी में सोमवार रात करीब एक बजे बिजली के तारों में फाल्ट होने से आग लग गई। संतोष परिजनों के साथ घर के बाहर सो रहे थे। आग ने पड़ोसी भूपेंद्र व नरेंद्र की झोपड़ियों को भी चपेट में ले लिया।
यह लोग भी घर के बाहर सो रहे थे। आग की लपटे देखकर यह लोग जागे और शोर मचाया। गांव के लोगों की सूचना पर सुबह चार बजे दमकल पहुंची। दमकल ने आग को बुझाया, लेकिन आग से संतोष नाथ की दो हजार की नकदी, बेड, पंखा, अनाज, घरेलू सामान जलकर राख हो गया था।
पड़ोसी भूपेंद्र व नरेंद्र का घरेलू सामान, चारपाई, अनाज, कुर्सी मेज, बेड जल गया। मंगलवार को राजस्व टीम ने निरीक्षण कर सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। गांव के लोगों ने तीनों परिवार के लोगों को राशन मुहैैया कराया।