फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग की तरह ही अब माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में भी ऑनलाइन निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ‘परख-2’ पोर्टल एप लांच किया है।
हालांकि अभी जिला विद्यालय निरीक्षक ही ऑनलाइन निरीक्षण कर सकेंगे। इसके बाद विभाग के अन्य लोगों को निरीक्षण की जिम्मेदारी मिल सकती है। जुलाई से डीआईओएस ऑनलाइन निरीक्षण शुरू करेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के साथ ही खंड शिक्षाधिकारी और ब्लॉक व जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति में शामिल अधिकारी प्रेरणा पोर्टल पर स्कूलों का ऑनलाइन निरीक्षण करते हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग में ऑफलाइन निरीक्षण ही होता था। पहली बार माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी माध्यमिक कॉलेजों का निरीक्षण ऑनलाइन करने की तैयारी कर ली है।
इसके लिए विभाग ने ‘परख-2’ पोर्टल एप लांच किया है। इस पोर्टल के माध्यम से माध्यमिक विद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जाएगा। 40 बिंदुओं का निरीक्षण कर आख्या अपलोड की जाएगी।
कॉलेजों की समय सारिणी भी परख पोर्टल से अपलोड होगी
‘परख-2’ पोर्टल एप से कॉलेजों की समय सारिणी भी अपलोड करनी होगी। डीआईओएस समय-समय पर इसी पोर्टल के माध्यम से कॉलेजों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के समय विद्यालयों के संसाधनों, प्रयोगशालाओं व पुस्तकालय आदि की आख्या परख पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
कॉलेजों के लिए अलग-अलग बिंदु किए निर्धारित
ऑनलाइन निरीक्षण के लिए विभाग ने राजकीय, एडेड व वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग बिंदु निर्धारित किए हैं। राजकीय कॉलेज में कंप्यूटर कक्ष की उपलब्धता, अग्निशमन यंत्र व बायोमीट्रिक मशीन समेत 40 बिंदु निर्धारित किए गए हैं। वहीं एडेड के लिए 38 व वित्तविहीन कॉलेजों के लिए 34 बिंदुओं का निर्धारण किया जाएगा।
बोले जिम्मेदार
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने परख-2’ पोर्टल से कॉलेजों का ऑनलाइन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अभी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो गई हैं। जुलाई से निरीक्षण शुरू करेंगे। पहली बार माध्यमिक के कॉलेजों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जाएगा।
- नरेंद्र पाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक