एग्री जंक्शन बाहिदपुर का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी।
- फोटो : FARRUKHABAD
खाद बिक्री में अनियमितता पर तीन को नोटिस
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने तीन टीमें गठित कर शुक्रवार को अधिक खाद बिक्री करने वाले इफको, कृभको, पीसीएफ गोदामों व साधन सहकारी समितियों की जांच कराई। अनियमितता मिलने पर तीन विक्रेताओं को चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं।
खरीफ की फसलों के लिए यूरिया की मांग बढ़ी है। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने अगस्त में अधिक खाद बेचने और खरीदने वालों की जांच के लिए तहसीलवार की तीन टीमें बनाईं। सदर क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह व एआर कोआपरेटिव विजय कुमार अग्रवाल ने सात बिक्री केंद्र व बफर गोदामों की जांच की।
एग्री जंक्शन वन स्टाप सेंटर मधवापुर बिक्री केंद्र महमदपुर अमलैया में रेड बोर्ड व स्टॉक बोर्ड लगा नहीं मिला, वाहिदपुर में अभिलेख अपूर्ण मिले। इससे दोनों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया। पीसीएफ बफर गोदाम सातनपुर में टिनशेड टूटा होने से बारिश का पानी गोदाम में भरा मिला। गोदाम प्रभारी राकेश चंद्र को टिनशेड सही कराने के साथ गोदाम से पानी निकलवाने के निर्देश दिए।
कृषि उपनिदेशक राजकुमार, तहसीलदार प्रदीप कुमार ने कायमगंज क्षेत्र में आठ स्थानों पर जांच कर ई-पॉस मशीन से स्टाक का मिलान किया। किसान सेवा साधन सहकारी समिति कायमगंज उत्तरी में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी किया। अमृतपुर तहसील क्षेत्र में अपर जिला सहकारी अधिकारी व उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी को पांच समितियों में ताले लगे मिले। एक समिति पर स्टाक शून्य मिला।