फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली और मऊदरवाजा थाने में मुस्लिम धर्म गुरुओं संग सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी ने वार्ता की। सभी मुस्लिम धर्मगुरुओं और समाज के जाने-माने लोगों ने आज का वक्त कोरोना जैसी महामारी को हराने का बताया। इससे बचने को आठ अप्रैल को शब-ए-बारात पर घरों में ही रहकर इबादत करने का संदेश दिया।
शहर कोतवाली में सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य, सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड, कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने मुस्लिम धर्मगुरु सदाकत हुसैन सेंथली, पप्पन मियां, रफी अंसारी, मुवीन अंसारी, अनवर खां उर्फ बबलू, हाजी महमूद हसन, हाजी मोहम्मद अखलाक खां, मुजफ्फर रहमानी, अलीम अंसारी, सादाब हुसैन, नईम अंसारी समेत मुस्लिम समाज के सैकड़ों गणमान्यों संग लंबी वार्ता की। सभी ने एक स्वर से घरों से ही इबादत करने पर सहमति व्यक्त की। कहा कि आज कोविड-19 से बचना बेहद जरूरी है। हमें किसी भी कब्रिस्तान अथवा मस्जिद में जाने की जरूरत नहीं है।
सभी लोग अपने घरों से ही इबादत करें, कुरान शरीफ पढ़ें। कुछ लोगों ने मांग की कि कई कब्रिस्तान ऐसे हैं, जिनमें बाउंड्रीवाल नहीं है। वहां सुरक्षा बल मुहैया कराया जाए, ताकि कोई भी वहां तक न पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि आज का वक्त हर किसी को बीमारी से बचाना है। इसके लिए प्रशासन पूरी तैयारी से दिन-रात लगा है।