कायमगंज। पुल गालिब तिराहे पर स्थित हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से जांच करेगा। गर्भवती महिला के परिजनों व अस्पताल संचालक सहित वहां कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय को भेजी जाएगी।
नगर के पुल गालिब तिराहे स्थित कासगंज जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला बैरू निवासी तेज सिंह श्रीवास्तव की गर्भवती पत्नी आरती (32) की बुधवार की सुबह मौत हो गई थी। इस मामले में पति ने अस्पताल संचालक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह शाक्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवप्रकाश ने बताया जिला मुख्यालय से पूरे प्रकरण की जांच के लिए निर्देश मिला है।
बिना रजिस्ट्रेशन अस्पताल में प्रसव कैसे हो रहा है। उसके मानक पूरे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि कोई आयुर्वेदिक डॉक्टर अस्पताल खोलकर प्रसव नहीं करा सकता है। स्वास्थ्य विभाग हर पहलू को ध्यान रखते हुए गहराई से जांच करेगा। उन्होंने बताया कि इस तरह के और भी प्रसव केंद्र चल रहे हैं। उनके बारे में भी जिला मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा।