कंपिल। संपत्ति के विवाद में मंगलवार सुबह चाचा ने चाकू से हमला कर अपने दो भतीजों को घायल कर दिया। घायलों के डॉक्टर पिता ने मामले की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
नगर के मोहल्ला माझगांव निवासी डॉ. अखिलेंद्र मिश्रा पुत्र ओमनंदन का क्लीनिक कंपिल-निजामुद्दीन मार्ग पर है। उनका अपने छोटे भाई से संपत्ति को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। रेलवे विभाग से रिटायर्ड पिता ओमनंदन छोटे बेटे के साथ रहते हैं।
सोमवार सुबह संपत्ति को लेकर अखिलेंद्र के बेटे अनित, अनुज बाबा से बातचीत करने के लिए चाचा के घर गए। वहां बातचीत के दौरान चाचा-भतीजों में मारपीट हो गई थी। रिश्तेदारों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
मंगलवार सुबह डॉ. अखिलेंद्र टहलने निकल गए। इसी समय बेटा अनुज घर से बाहर आया। तभी चाचा व उनका पुत्र आ गया। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ने पर चाचा व उसके बेटे ने अनुज पर चाकू से हमला बोल दिया।
चीखपुकार सुनकर अनुज का बड़ा भाई अनित घर से निकल आया। भाई को बचाने का प्रयास करने लगा। चाचा ने अनित को भी चाकू मार दिया। डॉक्टर अपने घायल पुत्रों को लेकर थाने पहुंचे। घटना की तहरीर दी।
पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में उनके घर पहुंची लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस ने घायलों को सीएचसी कायमगंज भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर मिल गई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।