फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने टॉप टेन अपराधी के पिता पूर्व सैनिक के तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए। पुलिस अधीक्षक द्वारा सौंपी गई जांच आख्या के आधार पर कार्रवाई की गई है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी जितेंद्र मिश्र सेना में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके नाम राइफल, पिस्टल व डबल बैरल बंदूक है। उनके पुत्र श्यामू उर्फ अंकित मिश्रा के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
श्यामू राजेपुर थाने की टॉपटेन अपराधियों की सूची में शामिल है। एसपी ने श्यामू के आपराधिक प्रवृत्ति का होने और उसका नाम टॉपटेन सूची में दर्ज होने से लाइसेंस निरस्तीकरण की सिफारिश की थी।
इसी आधार पर डीएम मानवेंद्र सिंह ने शस्त्र लाइसेंस निलंबित करते हुए निरस्तीकरण का नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तीनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
एक माह में शस्त्रों की बिक्री न होने पर पुलिस अधीक्षक व राजेपुर थानाध्यक्ष को सरकारी मालखाने में जमा कराकर कार्रवाई को पत्रावली प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।