फर्रुखाबाद। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री कैलाश सेवा संस्थान की ओर से पांचाल घाट पर पंच महाआरती और दीपदान का आयोजन किया गया। घाट को 11 हजार घी के दीपों से सजाया गया। श्रद्धालुआें ने पूजा-पाठ कर जयकारे लगाए।
आचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल, अभय नारायण, प्रियम, शौर्य वाजपेयी और राघव तिवारी ने बनारस की तर्ज पर शिव तांडव, गंगालहरी, भजन, गणपति व गंगा आरती की प्रस्तुति दी। कालसर्प दोष मुक्ति के लिए 1100 जोड़े तांबे के सर्पों का पूजन कर गंगा में विसर्जन किया गया। महाआरती का शुभारंभ दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वरदास ब्रह्मचारी ने आरती कर किया।
संस्था अध्यक्ष आचार्य प्रदीप नारायण शुक्ल ने बताया कि संस्था की ओर से वैदिक रीति से विगत 15 वर्षों से आरती की परंपरा निभाई जा रही है। आरती में शामिल भक्तों को मां गंगा, संस्कृत-संस्कृति-गाय और स्वच्छता के लिए संकल्प दिलाया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गंगा की धारा में दीपदान किया। आरती के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव से विभोर हो गए। सभी ने मां गंगा का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण किया। संजीव बाजपेई, रीटू दुबे, भूपेंद्र सिंह, प्रमोद दीक्षित, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, राघवेंद्र सिंह, कैलाश चंद्र शुक्ला, संजीव शुक्ला, शिवम दुबे आदि मौजूद रहे।
फोटो- 41 पांचाल घाट पर मां गंगा की आरती करते आचार्य। संवाद
फोटो- 41 पांचाल घाट पर मां गंगा की आरती करते आचार्य। संवाद