फर्रुखाबाद। जनपद के 60 मदरसों में पंजीकृत 1643 छात्रों की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर चार सचल दल निगरानी रखेंगे। दो सेक्टर मजिस्ट्रेट व छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
मदरसा बोर्ड की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए बनाए गए छह परीक्षा केंद्रो में वाइस रिकार्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिले के कुल 60 मदरसों में पंजीकृत 1643 छात्र 6 केंद्रो पर दो पालियों में परीक्षा देंगे। इसमें मुंशी-मौलवी(कक्षा 10) के छात्राें की परीक्षा पहली पाली में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक होगी। जबकि आलिम (कक्षा 12) के छात्रों की परीक्षा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसमें कुल 554 बालक व 1089 बालिकाएं मदरसा परीक्षा देंगी।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शांतिपूर्ण व नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दो जोनल व 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान पूरे समय केंद्र पर ही मौजूद रहेंगे। जबकि जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमण कर गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे। इसके अलावा निगरानी के लिए चार सचल दल गठित किए हैं।
-
केंद्रों के लिए नियुक्त सचल दल मजिस्ट्रेट
जिले के छह परीक्षा केंद्रो पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्र मदरसा अरबिया शमशुल उलूम फर्रुखाबाद में पूर्ति निरीक्षक अमित चौधरी स्टेटिक मजिस्ट्रेट व नगर शिक्षा अधिकारी इंद्रप्रताप सिंह का सचल निगरानी रखेगा। कमालगंज के मदरसा अहसनुल उलूम शेखपुर में मत्स्य निरीक्षक दिवाकर सिंह व दुर्गा शिक्षा संस्थान इंटर काॅलेज कमालगंज में जेई कृषि रतन कुमार स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए। दोनों केंद्रों पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार सचल दल के साथ परीक्षा पर नजर रखेंगे। मेंहदी हसन इंटर काॅलेज जरारी में उद्यान निरीक्षक श्याम सिंह व शफीक अहमद इंटर काॅलेज भड़ौसा में जेई अश्वनी राव चतुर्वेदी स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए। इन दोनों केंद्रों पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय का सचल दल भ्रमणशील रहेगा। इन पांचों परीक्षा केंद्रों पर जोनल मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर महेंद्र सिंह की निगरानी रहेगी। वहीं कायमगंज के श्रीराम सिंह इंटर कालेज परीक्षा केंद्र के लिए एसडीएम कायमगंज रविंद्र कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट, एडीओ ओंकार सिंह को स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश पाल का सचल परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखेगा।