फर्रुखाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा दस की परीक्षा शनिवार को कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुईं। पांच केंद्रों पर पंजीकृत 2354 में से 16 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। अंग्रेजी विषय का सरल पेपर आने से परीक्षार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी।
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए फर्रुखाबाद में गुरुकुल वर्ल्ड और फतेहगढ़ में रोजी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, ब्लू वेल व आर्मी पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। रोजी पब्लिक स्कूल में सुबह 10.30 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन सुबह सवा नौ बजे से ही परीक्षार्थियों का अभिभावकों के साथ पहुंचना शुरू हो गया।
मुख्य गेट पर चस्पा रोल नंबर सूची से छात्र-छात्राओं ने कक्ष संख्या देखी। प्रधानाचार्य अक्षय श्रीवास्तव की देखरेख में मुख्य गेट पर छात्र-छात्राओं की सघन तलाशी लेकर उन्हें अंदर प्रवेश करने दिया गया। गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में प्रधानाचार्य डॉ. लकी चावला और केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में प्रधानाचार्य वी. अरोरा मुख्य गेट पर मौजूद होकर छात्र-छात्राओं की सघन तलाशी करवा रहे थे। सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कक्ष निरीक्षक घूम-घूमकर परीक्षार्थियों पर नजरें जमाए रहे। रोजी पब्लिक स्कूल में पंजीकृत 525 में चार व ब्लू वेल स्कूल में पंजीकृत 485 परीक्षार्थियों में चार अनुपस्थित रहे। गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में पंजीकृत 286 में तीन और केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में पंजीकृत 476 में तीन छात्र-छात्राएं परीक्षा देने नहीं आए।
छात्र-छात्राओं के बोल
सभी प्रश्न हल करके आई हूं-एंजिल
सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10 की परीक्षा देकर निकलीं छात्रा एंजिल कुमारी के चेहरे पर मुस्कान झलक रही थी। पूछने पर बताया कि अंग्रेजी का पेपर बहुत सरल आया। सभी प्रश्न करके आई हूं।
अंग्रेजी में मिलेंगे बहुत अच्छे नंबर-पलक
छात्रा पलक कुमारी ने मुस्कुराते हुए कहा कि जैसा सोचा था, वैसा ही प्रश्नपत्र आया। कुछ ही प्रश्न कठिन थे। बाकी पेपर सरल था। अंग्रेजी विषय में तो बहुत अच्छे नंबर मिलेंगे।
प्रश्न पत्र खोलते ही निकल गया डर-याशिका
याशिका कुमारी ने कहा कि पहले डरी हुई थी, लेकिन जैसे ही प्रश्नपत्र खोलकर पढ़ा तो सारा डर निकल गया। प्रश्नपत्र इतना सरल था कि सभी प्रश्नों के उत्तर देकर आई हूं। रिजल्ट भी अच्छा होगा।
पेपर ज्यादा कठिन नहीं था-अभिषेक
परीक्षा देकर निकले अभिषेक कुमार का कहना था कि पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। उम्मीद से ज्यादा पेपर अच्छा हुआ है। निर्धारित समय से 10 मिनट पहले ही पेपर हल कर लिया था।