फर्रुखाबाद। चौकी के निकट ई-रिक्शा सवार युवक से बदमाश ने 60 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश युवक के साथ ही स्टेशन से ई-रिक्शा पर बैठकर आया था। बाद में वह अपने बाइक सवार साथी के साथ मौके से भाग निकला।
कानपुर के थाना बिल्हौर के गांव बिरौली निवासी श्याम कुमार मंगलवार को अपनी बहन राम लक्ष्मी निवासी मोहल्ला बीबीगंज के घर जाने के लिए आया था। रेलवे स्टेशन से निकलकर उसने फल खरीदे और ठेले वाले को गड्डी से रुपये रुपये दिए। इसके बाद ई-रिक्शे पर बैठकर बहन के घर की ओर चल दिया।
श्याम के मुताबिक रिक्शे के कुछ दूर जाने के बाद एक और व्यक्ति आकर पास में बैठ गया। जैसे ही रिक्शा बीबीगंज चौकी के पास पहुंचा तो वह उतर पड़ा। उसके उतरते ही साथ बैठे व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उसका नोटों का थैला छीन लिया और पीछे बाइक से आ रहे अपने साथी के साथ बैठकर भाग निकला।
घटना के वक्त वहां पर एक प्रत्याशी की रैली निकल रही थी, जिसमें पुलिस भी थी, लेकिन कोई बदमाशों को पकड़ नहीं सका। श्याम ने पुलिस को बताया कि उसने बेटी की शादी के लिए बहन से रुपये उधार लिए थे, वही लौटाने के लिए आया था। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।