फर्रुखाबाद। सोमवार हवा और बारिश से बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इससे 300 गांवों में अंधेरा छा गया। मंगलवार की देर रात तक खराबी दूर नहीं हो सकी।
सोमवार की रात में शहर व गांव की बिजली दोबारा से ठप हो गई। बारिश थमने के बाद रात में शहरी क्षेत्र की बिजली चालू हो गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की बंद रही। मंगलवार को कर्मचारियों ने फाल्टों को खोज कर ठीक करने का काम किया। देर शाम तक गंगापार क्षेत्र के करीब 50 गांव, मोहम्मदाबाद, शमसाबाद, कमालगंज, हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र के करीब 130 गांवों की बिजली 11 केवी लाइन में फाल्ट होने से देर शाम तक चालू नहीं हो पाई। फाल्टों को ठीक करने का काम होता रहा। जरारी विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन ठीक न होने से दूसरे दिन भी उपकेंद्र ठप रहा। इससे 130 गांवों की बिजली 24 घंटे से लगातार ठप है।
मक्का की फसल खराब होने पर हुई नोकझोंक
फर्रुखाबाद। जरारी विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन के 13 पोल टूटे हैं। इनको बदलने के लिए मंगलवार को काम कराया गया। पोल लगाने के लिए ट्रैक्टर खेत में घुसे तो मक्का की खड़ी फसल खराब हो गई। इसको लेकर ग्रामीण और बिजली कर्मचारियों में नोकझोंक होने लगी। एक्सईएन सुरेंद्र कुमार व एसडीओ राम प्रवेश ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। एक्सईएन ने बताया कि 33 केवी लाइन के टूटे पोल बदलने में कुछ ग्रामीणों की फसल को नुकसान हुआ था। इससे ग्रामीण नाराज हुए थे, लेकिन उनको समझा दिया गया और पोल बदलवाने का काम कराया जा रहा है।
बंच केबल गिरने से मची भगदड़
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला नितगंजा में 12 बजे बंच केबल पोल से टूट कर सड़क पर लटक गई। इससे सड़क से निकल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई। जेई ने कर्मचारियों को भेज कर केबल को पोल से बंधवाया।