मोहम्मदाबाद। कोचिंग से लौटते समय लापता हुआ किशोर देर रात नाटकीय ढंग से लौट आया। उसके हाथ पीछे बंधे हुए थे और मुंह में कागज ठुसा था। परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में किशोर ने अपहरण कर खेत में डालने की जानकारी दी।
मेरापुर क्षेत्र के गांव नदौरा निवासी सुखवेंद्र सिंह का 17 वर्षीय पुत्र मोनू आठ जनवरी को सुबह साढ़े छह बजे साइकिल से कोचिंग पढ़ने मोहम्मदाबाद गया था। वह लौट कर घर नहीं आया। उसकी साइकिल नदौरा गांव जाने वाली सड़क किनारे मोड़ पर पड़ी थी। मोहम्मदाबाद कोतवाली में पिता ने शाम को पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई। रात करीब 11 बजे मोनू भागता हुआ घर पहुंचा। उसके हाथ पीछे की ओर बंधे और मुंह में कागज ठुसा देखकर परिजन चकित रह गए।
हाथ खोलने और मुंह से कागज निकालने के बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद पुलिस भी सूचना पर घर पहुंच गई। पुलिस ने किशोर से पूछताछ की। सीओ राजवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। वह कोतवाल से जानकारी कर मामले की जांच कराएंगे।