कंपिल में संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। ससुरालीजन घर से भाग गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा कर दिया। एक लाख रुपये दहेज के लिए बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लागते हुए पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली कायमगंज के गांव सिकंदर पुर कोला निवासी राजवीर सिंह ने अपनी 21 वर्षीय बेटी अंजली का विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व कंपिल के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी छविनाथ के बेटे प्रवेश कुमार से किया था। विवाह के दो वर्ष बाद प्रवेश पत्नी से दुकान के लिए मायके रुपये लाने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि इसके लिए प्रवेश आए दिन मारपीट भी करता था। शनिवार रात अंजली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद राजवीर अपने परिजनों सहित रात में ही फरार हो गया।
रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर अंजली के मायके वाले पहुंचे। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा कर हंगामा कर दिया। वहीं सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह गौर व थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने परिजनों को समझाकर शांत किया। पिता राजवीर ने पुलिस को बताया कि दामाद और उसके परिजन बेटी की हत्या कर शव कमरे में छोड़कर भाग गए हैं।
ये लोग एक लाख रुपये की काफी समय से मांग कर रहे थे। पिता राजवीर की तहरीर पर पुलिस ने अंजली के पति प्रवेश कुमार, देवर दुर्गेश कुमार, दुर्गेश की पत्नी, ससुर छविनाथ सिंह, सास मुन्नी देवी के विरुद्ध दहेज हत्या कर मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।